उत्तराखंड: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के दिन उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है. आज शनिवार 29 अगस्त को उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय का शुभारंभ हो गया. शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया. इस मौके पर राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या और सांसद अजय भट्ट भी मौजूद थे.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के औपचारिक उद्घाटन के साथ ही इसके प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन भी किया. सीएम धामी ने कहा कि हमारे राज्य के पहले खेल विवि के शुभारंभ और पहले चरण के निर्माण कार्यों के भूमि पूजन और शिलान्यास की प्रदेश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं.
सीएम धामी ने इस मौके पर मेजर ध्यानचंद को उनकी जन्म जयंती पर याद किया. सीएम धामी ने मेजर ध्यानचंद से जुड़ी कई बातें अपने संबोधन में कही. सीएम ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने सभी को प्रेरणा दी कि- प्रतिभा जन्म से मिलती है, लेकिन महानता तब मिलती है जब हम परिश्रम करते हैं. सीएम धामी ने कहा कि विभिन्न खेल विधाओं को हाईटेक करने की दिशा में भी 23 नई हाईटेक खेल अकादमियों को स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं.
आज खेल दिवस पर उत्तराखंड में खेलों की नई शुरुआत हो रही है. आज उत्तराखंड खेल विवि के शुभारंभ के साथ इसके पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हो रहा है. अब हमारे प्रदेश के युवाओं को हमारे राज्य में खेल के लिए उच्च कोटि की सुविधाएं मिलेंगी. अब हमारा उत्तराखंड, देवभूमि और वीर भूमि के साथ-साथ खेल भूमि के रूप में चमकने को तैयार है. सीएम ने उम्मीद जताई कि राज्य का पहला खेल विवि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य के पहले खेल विवि के शुभारंभ के साथ ही देवभूमि के खेल परिदृश्य में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है. राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) का यह अवसर हम सभी प्रदेशवासियों और विशेष रूप से हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए अत्यंत गौरवशाली सिद्ध हुआ है. हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेल विश्वविद्यालय (Sports University) के शुभारंभ के साथ प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन हुआ है.
उत्तराखंड का पहला खेल विवि परिसर करीब 32 हेक्टेयर (करीब 90 एकड़) भूमि पर बना है. अभी इसके हॉस्टल और अन्य जरूरी संरचनाएं तैयार होनी हैं. इसके निर्माण के लिए केंद्र सरकार के पर्यावरण एवं वन मंत्रालय द्वारा 12.317 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण को भी अंतिम मंजूरी दी जा चुकी है. खेल विश्वविद्यालय के पहले चरण के निर्माण कार्यों के लिए सरकार द्वारा ₹43.50 करोड़ का बजट तय किया गया है. यह पूरा कैंपस हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के समीप तैयार किया गया है, जहां खिलाड़ियों को इंटरनेशनल स्तर की ट्रेनिंग और सुविधाएं दी जा रही हैं.
उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र की शुरुआत भी आज मेजर ध्यानचंद की जन्म जयंती पर मनाए जाने वाले खेल दिवस पर हुई है. यहां खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल संरचना और खेल विज्ञान की सुविधा मिलेगी. खेल विवि के सुचारू संचालन के लिए कुलपति सहित 94 नियमित पदों को मंजूरी दी गई है.
